रामपुर में वकील की हत्या पर बिल्सी तहसील में प्रदर्शन
फांसी की सजा व प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने की मांग
बिल्सी। रामपुर में अधिवक्ता फारूक अहमद खान की दिनदहाड़े गोली मारकर की गई हत्या के विरोध में बृहस्पतिवार को तहसील के अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। आक्रोशित वकीलों ने तहसील परिसर में नारेबाजी करते हुए मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम प्रेमपाल सिंह को सौंपा। तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि रामपुर में अधिवक्ता फारूक अहमद खान की सरेआम गोली मारकर हत्या किया जाना कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न है। उन्होंने कहा कि यदि अधिवक्ता ही सुरक्षित नहीं हैं तो आमजन की सुरक्षा की कल्पना कैसे की जा सकती है। दोषियों को तत्काल गिरफ्तार कर कठोर कार्रवाई करते हुए फांसी की सजा दी जाए। महासचिव ज्ञान सिंह त्यागी ने अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए अधिवक्ता प्रोटेक्शन एक्ट लागू किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि प्रदेश में लगातार अधिवक्ताओं पर हमले हो रहे हैं, जिससे अधिवक्ता समाज में रोष व्याप्त है। सरकार को अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने होंगे। प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने एकजुटता का परिचय देते हुए न्याय की मांग की। इस दौरान विवेक राठी, मुकेश कुमार सिंह, रामनाथ शर्मा, रामप्रकाश श्रीवास्तव, श्रीराम, बागीश माहेश्वरी, प्रदीप कुमार, अखिलेश सक्सेना, वीरपाल, हेमेंद्र सिंह, दया राठौड़, सतीश चंद्र, केशव शंखधार सहित तमाम अधिवक्ता मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

