नगर कुंवरगांव में बिजली विभाग की लापरवाही को उजागर करने वाली Badaun Express की खबर के बाद आखिरकार विभाग हरकत में आ गया। 31 जनवरी 2026 को पोर्टल पर प्रकाशित खबर के बाद 4 तारीख को कुंवरगांव बिजली घर के पास टीवीएस बाइक एजेंसी के समीप लंबे समय से क्षतिग्रस्त अवस्था में खड़े बिजली के खंभे को हटाकर नया पोल स्थापित कर दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि उक्त बिजली का खंभा काफी समय से जर्जर हालत में था और उसमें करंट उतरने की शिकायतें भी सामने आ रही थीं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई थी। इस संबंध में स्थानीय लोगों द्वारा कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही थी।
Badaun Express द्वारा मामले को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया और तत्काल पुराने क्षतिग्रस्त पोल को हटवाकर नया बिजली का खंभा लगवाया, जिससे क्षेत्रवासियों ने राहत की सांस ली है।
स्थानीय लोगों ने मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि यदि समय रहते खबर प्रकाशित न होती, तो किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता था। वहीं नगरवासियों ने उम्मीद जताई है कि भविष्य में भी बिजली विभाग इस तरह की समस्याओं को गंभीरता से लेकर समय पर समाधान करे।
रिपोर्ट अनुज रस्तोगी कुंवरगाँव

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com