2:18 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

सरकारी ट्यूबवेल की गूल में फंसी नीलगाय, वन विभाग की तत्परता से बची जान

कुंवर गांव थाना क्षेत्र के ग्राम बनेई में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब गांव की पूर्व दिशा में स्थित सरकारी ट्यूबवेल की गूल में एक नीलगाय फंसी हुई मिली। खेतों की ओर जा रहे ग्रामीणों ने नीलगाय को गूल में तड़पते देखा, जिसके बाद तत्काल वन विभाग को सूचना दी गई।

सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। कड़ी मशक्कत और पूरी सतर्कता के साथ टीम ने गूल को आंशिक रूप से खोलकर नीलगाय को बाहर निकालने की कार्रवाई शुरू की। काफी प्रयासों के बाद नीलगाय को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। राहत की बात यह रही कि रेस्क्यू के दौरान नीलगाय को कोई चोट नहीं आई और वह पूरी तरह स्वस्थ पाई गई।

वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि ग्रामीण क्षेत्रों में नीलगायों का आवागमन लगातार बढ़ रहा है, जिस कारण वे कई बार ऐसे खतरनाक स्थानों में फंस जाती हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि इस तरह की किसी भी स्थिति में स्वयं हस्तक्षेप करने के बजाय तुरंत वन विभाग को सूचना दें, ताकि समय रहते वन्यजीवों की जान बचाई जा सके।

इस सफल रेस्क्यू अभियान में वन दरोगा आदित्य गंगवार, अनूप वर्मा, धनपाल (दैनिक श्रमिक), उमेश (दैनिक), एवं रावेंद्र (दैनिक) की सराहनीय भूमिका रही।

रिपोर्टर अनुज रस्तोगी कुंवरगाँव

.

 

 

 

विज्ञापन एक्सप्रेस