10:20 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

सहसवान में ग्रामीणों ने सौंपा प्रार्थना पत्र, मतदान केंद्र गांव में ही रखने का मिला आश्वासन

सहसवान (बदायूं)।
तहसील सहसवान क्षेत्र के ग्राम सुल्तानपुर टप्पा फरीदनगर, ग्राम पंचायत लोहरपुरा, विकासखंड दहगवां के ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी सहसवान को एक प्रार्थना पत्र सौंपकर अपने गांव में ही मतदान केंद्र बनाए रखने की मांग की है।
ग्रामीणों ने प्रार्थना पत्र में अवगत कराया कि उनके गांव में प्राथमिक विद्यालय सुल्तानपुर टप्पा फरीदनगर में ग्राम पंचायत चुनाव, विधानसभा चुनाव और लोकसभा चुनाव का मतदान केंद्र कई वर्षों से संचालित होता आ रहा है। यदि गांव का पोलिंग बूथ किसी अन्य गांव में स्थानांतरित किया जाता है, तो गांव के मतदाताओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ेगा, जिससे मतदान प्रतिशत पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा। यह स्थिति समस्त ग्रामवासियों के अधिकारों का हनन होगी।
प्रार्थना पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि गांव में ही मतदान केंद्र बने रहने से बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांग मतदाताओं को सुविधा मिलती है, जबकि दूसरे गांव में मतदान केंद्र होने से आवागमन की समस्या उत्पन्न होगी।
इस संबंध में गांव के 80 ग्रामीणों द्वारा हस्ताक्षर प्रार्थना पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा गया। प्रार्थना पत्र सौंपने के दौरान उपजिलाधिकारी सहसवान ने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि पोलिंग बूथ उनके गांव में ही रहेगा, जिससे ग्रामीणों ने राहत की सांस ली।
ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि आगामी सभी चुनावों में मतदान केंद्र पूर्व की भांति उनके गांव में ही संचालित किया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस