।उझानी-बदांयू 7 जनवरी।
शहर सहित जिला बुधवार को कड़ाके की ठंड और गलन की चपेट में रहा। मंगलवार से चल रही चुभती हवा चलने से लोग दिनभर कंपकंपाते रहे और सुबह और शाम तो काटना मुश्किल हो गया।
एक के ऊपर एक ऊनी कपड़े पहनने से भी राहत नहीं मिली। हल्के कोहरे के बाद दिन में मौसम खुला, लेकिन कोई खास राहत नहीं मिली।
कल कोहरा गिरना शुरू हुआ तो सड़कों पर वाहन रेंगने लगे। सुबह 10 बजे के बाद तक कोहरे का सितम बना रहा। सर्द हवा और गलन ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। हाइवे सहित प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा।
बीती शाम से हवा चलनी शुरू हुई तो गलन भी बढ़ गई। हालांकि, इससे कोहरा छंटने के साथ ही मौसम खुला और कल धूप के दर्शन भी हुए। चुभती हुई गलन से धूप की तपिश भी कोई खास राहत नहीं दे पाई।
साप्ताहिक बंदी के दिन भी जिन लोगों ने अपने प्रतिष्ठान खोले, वहां ग्राहक कम ही पहुंचे। दुकानों के आसपास अलाव जलाकर लोगों ने मौसम की मार से बचने की कोशिश की।
दिन का अधिकतम तापमान 14 डिग्री और न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। हवा की रफ्तार चार से सात किमी प्रति घंटा रही। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि अगले तीन-चार दिनों में ठंड और जोर पकड़ेगी।
राजेश वार्ष्णेय एमके।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com