अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज, शव का कराया पीएम
बिल्सी। बिजनौर-बदायूं हाईवे पर रायपुर बुजुर्ग के निकट स्थित ईंट भट्टे के पास बीती 15 नवंबर को हुए सड़क हादसे में घायल पिता ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि पुत्र अभी भी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। हादसा उस समय हुआ जब किसी अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। साथ ही मृतक के शव को पीएम के लिए भेजा है।
मिली जानकारी के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के गांव उलैया निवासी महेंद्र पाल (60) पुत्र भदई सिंह अपने पुत्र मुन्ना सिंह के साथ 15 नवंबर की शाम करीब साढ़े सात बजे शादी समारोह में शामिल होकर बाइक से अपने गांव को लौट रहे थे। जैसे ही उनकी बाइक रायपुर बुजुर्ग के ईंट भट्टे के पास पहुंची, तभी किसी अज्ञात वाहन ने सामने से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि पिता-पुत्र सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को बिल्सी सीएचसी भेजा। हालत नाज़ुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया। गंभीर रूप से घायल महेंद्र ने 30 नवंबर की सुबह रात इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जबकि पुत्र मुन्ना का बरेली के एक अस्पताल में उपचार अब भी जारी है। कोतवाल मनोज कुमार सिंह ने बताया कि मृतक के पुत्र ध्यान सिंह की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। साथ ही मृतक के शव का पंचनामा भर पीएम के लिए भेजा है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

