18 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा रहेगी, 6854 अभ्यर्थी दो पालियों में देंगे परीक्षा
बदायूं में पीसीएस प्रारंभिक परीक्षा रविवार को आयोजित की जाएगी। इसके लिए 18 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां कुल 6854 अभ्यर्थी दो पालियों में परीक्षा देंगे। सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं।डीएम अवनीश राय ने बताया परीक्षा दो पालियों में होगी।
पहली पाली सुबह 09:30 बजे से 11:30 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 02:30 बजे से 04:30 बजे तक चलेगी। प्रत्येक केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक और एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट तैनात किया गया है। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। पुरुष और महिला अभ्यर्थियों की तलाशी के लिए अलग-अलग चैंबर बनाए गए हैं।
अभ्यर्थियों की बायोमेट्रिक के साथ-साथ आयरिश स्कैनिंग भी की जाएगी।सुरक्षा व्यवस्था के लिए 18 सेक्टर और 7 जोन बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक पर एक-एक मजिस्ट्रेट नामित किया गया है। कुल 6854 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे। चार सेक्टर और स्टैटिक मजिस्ट्रेट को रिजर्व में रखा गया है, जिन्हें परीक्षा के दौरान कलेक्ट्रेट स्थित कंट्रोल रूम में उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए हैं।
ओएमआर शीट के संबंध में निर्देश दिए गए हैं: गुलाबी ओएमआर शीट आयोग को भेजी जाएगी, हरी शीट कोषागार में जमा होगी, जबकि नीली शीट परीक्षार्थी अपने साथ ले जा सकेंगे। दिव्यांग अभ्यर्थियों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं। 40 प्रतिशत या उससे अधिक दिव्यांगता वाले अभ्यर्थियों को प्रत्येक घंटे पर 20 मिनट का अतिरिक्त समय दिया जाएगा, जिससे दो घंटे की परीक्षा में उन्हें कुल 40 मिनट अधिक मिलेंगे।
उनकी मांग पर किसी भी शैक्षिक योग्यता वाले स्क्राइब (लेखक) की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से 45 मिनट पहले अपने संबंधित केंद्र पर पहुंचना अनिवार्य होगा। परीक्षा कक्ष में मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक गैजेट्स या किसी भी प्रकार की डिवाइस ले जाना प्रतिबंधित है। सभी कार्य केवल ब्लैक पॉइंट पेन से किए जाएंगे। परीक्षा में तैनात सभी सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टैटिक मजिस्ट्रेट, केंद्र व्यवस्थापकों और निरीक्षकों को ‘नो रिलेशन सर्टिफिकेट’ भी प्रस्तुत करना होगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com