वजीरगंज (बदायूं)।
करवा चौथ के पावन पर्व पर क्षेत्र की सुहागिन महिलाओं ने दिनभर निर्जला व्रत रखकर अपने पतियों की लंबी उम्र, पारिवारिक सुख-शांति और समृद्धि की कामना की। सुहागनों ने परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुसार श्रृंगार किया और शाम को चंद्रमा को अर्घ्य अर्पित कर व्रत खोला।
सुबह से ही महिलाओं ने जल तक ग्रहण नहीं किया और पूरे श्रद्धा-भाव से पूजा की तैयारियों में जुटी रहीं। हाथों में मेहंदी, माथे पर बिंदी, चूड़ियां, बिछुए और अन्य सुहाग सामग्री के साथ महिलाओं ने सोलह श्रृंगार कर व्रत का विशेष महत्व दर्शाया।
रात्रि में चांद के दर्शन के बाद महिलाओं ने चलनी की ओट से पति को देखकर उन्हें जल अर्पित किया और उनके हाथों से जल ग्रहण कर व्रत संपन्न किया। व्रत के दौरान मंदिरों और घरों में पूजा-पाठ, कथा श्रवण और भक्ति भाव का वातावरण बना रहा।
इस मौके पर घर-घर उत्सव जैसा माहौल दिखाई दिया। बुजुर्ग महिलाओं ने अपनी बहुओं को व्रत की परंपराएं सिखाईं और सभी ने मिलकर पर्व को उत्साह और श्रद्धा से मनाया।


badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
