जिला संवाददाता सौम्य सोनी की रिपोर्ट–
बदायूं में पतंग को लेकर हुए विवाद के बाद दो पक्षों में जमकर मारपीट और पथराव हुआ। घटना शनिवार को सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के खेड़ा बुजुर्ग गांव में हुई। इस दौरान एक युवक को छत से नीचे फेंक दिया गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। एक युवती को भी चोटें आई हैं।
जानकारी के अनुसार, खेड़ा बुजुर्ग निवासी शानू के बच्चों की पतंग पड़ोसी मुशफ्फर के घर में जा गिरी थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट और पथराव में बदल गई।
मारपीट के दौरान शानू को हमलावरों ने छत से नीचे फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, आसमां नामक युवती को भी चोटें आई हैं। आरोप है कि हमलावरों ने तमंचे की बट से भी प्रहार किया था।
घटना की सूचना मिलने पर यूपी 112 की पीआरवी और स्थानीय थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। मामले में पुलिस को तहरीर दी गई है। एसआई संजीव कुमार ने बताया कि घायलों का इलाज जारी है और तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जाएगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

