गड्ढा मुक्तिकरण योजना के तहत बदायूं में विकास को नई गति, विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने किया 54 लाख रुपये की परियोजनाओं का लोकार्पण
बदायूं। उत्तर प्रदेश सरकार की गड्ढा मुक्तिकरण योजना के तहत बदायूं विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिली है। शहर विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने शुक्रवार को लगभग 54 लाख रुपये की लागत से तैयार दो जनहितकारी परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया।
विकास कार्यों के अंतर्गत राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 में गड्ढा मुक्तिकरण योजना के तहत ग्राम कुनार से वरातेगदार चौराहे तक संपर्क मार्ग का सुदृढ़ीकरण कराया गया। करीब 36 लाख रुपये की लागत से निर्मित इस सड़क के शुरू होने से ग्रामीणों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी और क्षेत्र का संपर्क तंत्र मजबूत होगा।
इसके अलावा समाज कल्याण विभाग द्वारा ग्राम कुनार में लगभग 18 लाख रुपये की लागत से निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का भी लोकार्पण किया गया। यह केंद्र बच्चों एवं माताओं को बेहतर पोषण, प्रारंभिक शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए विधायक महेश चंद्र गुप्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास” तथा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के “विकास ही समाधान” के संकल्प के अनुरूप प्रदेश में तेजी से विकास कार्य कराए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य गांव-गांव तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है।
उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में बदायूं विधानसभा क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है और आने वाले समय में भी जनहित की ऐसी योजनाएं लगातार जारी रहेंगी।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख पति अनेक पाल पटेल, मंडल अध्यक्ष राघव सिंह चौहान, ग्राम प्रधान अरुण कुमार शर्मा, ग्राम प्रधान देवपाल पटेल, दिनेश शर्मा, रविंद्र प्रधान देवेंद्र कुमार, सचिव मनोज कुमार, प्रधान शिकरापुर मलखान, अनूप पटेल, विकास पटेल, सम्राट पटेल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्रवासी मौजूद रहे। सभी ने विकास कार्यों के लिए सरकार और विधायक का आभार व्यक्त किया।




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

