11:10 pm Friday , 17 July 2026
BREAKING NEWS

बसपा ने जयपाल सिंह को सौंपी बदायूं जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी

बदायूं

बसपा ने जयपाल सिंह को सौंपी बदायूं जिला अध्यक्ष की जिम्मेदारी

बदायूं। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) ने संगठन को मजबूत करने की दिशा में बड़ा निर्णय लेते हुए जयपाल सिंह को बदायूं का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व एवं उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री तथा बसपा सुप्रीमो मायावती के निर्देश पर की गई है। इसकी जानकारी मंडल प्रभारी राजवीर सिंह ने दी।

जयपाल सिंह इससे पहले ब्लॉक सलारपुर में ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) के पद पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में वह थाना बिनावर क्षेत्र के ग्राम दियौरीजीत के ग्राम प्रधान पति हैं। लंबे समय से सामाजिक एवं संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहने के कारण पार्टी नेतृत्व ने उन पर विश्वास जताते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है।

मंडल प्रभारी राजवीर सिंह ने बताया कि प्रदेश एवं राष्ट्रीय नेतृत्व का उद्देश्य संगठन को और अधिक मजबूत तथा सक्रिय बनाना है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जयपाल सिंह के नेतृत्व में बदायूं जनपद में पार्टी का संगठन नई मजबूती प्राप्त करेगा और बसपा की नीतियों एवं जनहित के कार्यक्रमों को गांव-गांव तक पहुंचाया जाएगा।

नियुक्ति के बाद जयपाल सिंह ने पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका वह पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना तथा बहुजन समाज पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता होगी।

जयपाल सिंह के जिला अध्यक्ष बनने की घोषणा के बाद जिले भर के बसपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में उत्साह का माहौल है। पार्टी पदाधिकारियों एवं समर्थकों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में बदायूं में बहुजन समाज पार्टी का संगठन और अधिक सशक्त होगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस