बिल्सी। भूदेवी वाष्र्णेय इंटर कालेज में साइबर अपराध को रोकने और लोगों को इसके प्रति जागरूक करने के लिए एक जागरूकता कार्यक्रम प्रशिक्षु सीओ-प्रभारी निरीक्षक गौरव उपाध्याय ने आयोजित किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में साइबर अपराध तेजी से बढ़ रहा है। आजकल साइबर ठग बेहद चतुर और तकनीकी रूप से दक्ष हो गए हैं। वे खुद को बैंक अधिकारी, सीबीआई अधिकारी या कोई प्रतिष्ठित व्यक्ति बताकर फोन, वीडियो कॉल या मैसेज के माध्यम से लोगों से ओटीपी, बैंक डिटेल, आधार, पैन और पासवर्ड जैसी संवेदनशील जानकारी हासिल कर लेते हैं। उन्होंने विशेष रूप से चेताया कि किसी अज्ञात को अपनी पहचान न बताएं, बैंक खाता, एटीएम, ओटीपी या पासवर्ड की जानकारी किसी भी हाल में साझा न करें। वीडियो कॉल पर यदि कोई खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर पूछताछ करे या बैंक डिटेल मांगे, तो सावधान हो जाएं। यह होम अरेस्ट फ्रॉड का हिस्सा हो सकता है। ऐसी कॉल या मैसेज आने पर तुरंत कॉल काटें और पुलिस को सूचित करें। जागरूकता ही साइबर ठगों से बचाव का सबसे कारगर तरीका है। उन्होंने छात्रों से आग्रह किया कि वे अपने परिजनों और गांव के अन्य लोगों को भी इस बारे में जागरूक करें। इस मौके पर डिप्टी मैनेजर डीके गुप्ता, प्रधानाचार्य प्रदीप कुमार शर्मा, सुनील कुमार सिंह, संजीव कुमार गुप्ता, प्रदीप सक्सेना, वरुण कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

