।
बारिश होते ही दोगुने से अधिक हुए हरी सब्जियों के दाम
उझानी बदांयू 22 अगस्त।
बारिश ने जहां राहत पहुंचाई, वहीं सब्जी के बाजार में महंगाई का असर भी नजर आने लगा है। टमाटर, हरी मिर्च और शिमला मिर्च पर सबसे ज्यादा असर पड़ा है, जो अब आम आदमी की रसोई से दूर होते दिख रहे हैं। इससे हर घर की थाली का स्वाद बिगड़ गया है।
पहले 20 से 25 रुपये किलो बिकने वाला टमाटर अब 80 से 100 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गया है।
कृषि उत्पादन मंडी में लोकल किसानों के टमाटर की आवक बंद होते ही बाहर से आने वाले टमाटरों के दाम सातवें आसमान पर पहुंच गए हैं। व्यापारियों ने कहा बंगलूरू और नासिक की मंडियों से टमाटर मंगाया जा रहा है, जिससे दाम में और तेजी आई है। हरी मिर्च की हालत तो और भी खराब है। 40 से 50 रुपये प्रति किलो मिलने वाली हरी मिर्च अब 80 से 100 रुपये किलो बिक रही है।
————
हरी सब्जियों में भिंडी, बैंगन, तोरई, गोभी, अरबी और परवल के दाम भी दोगुने से अधिक हो गए हैं। कृषि उत्पादन मंडी समिति के आढ़ती प्रेम कुमार यादव ने कहा बाढ़ और बारिश के चलते खेतों में पानी भर गया है, जिससे स्थानीय फसलों की कटाई और आपूर्ति पर असर पड़ा है। आने वाले दिनों में यदि मौसम साफ नहीं हुआ तो सब्जियों की कीमतें और चढ़ सकती है।
साहूकारा निवासी प्रकाश सिंह ने कहा फुटकर दुकानों पर हरी सब्जियां बारिश के बाद अचानक दोगुनी महंगी हो गयी है। टमाटर के साथ-साथ अन्य हरी सब्जियां खरीदना भी मुश्किल हो रहा है। हरी मिर्च और शिमला मिर्च सबसे अधिक महंगी मिल रही है। बाज़ार कलां के निवासी अवधेश ने कहा बारिश से पहले शिमला मिर्च 40 से 50 रुपये प्रति किलो बिक रहा था, लेकिन बारिश के बाद 100 से 120 रुपये प्रति किलो तक बेचा जा रहा है। एक किलो शिमला मिर्च खरीदना था। महंगाई के चलते एक पाव खरीद कर घर ले जा रहे हैं।
फुटकर सब्जी विक्रेता रामेश्वर ने कहा बारिश के बाद हरी सब्जियों के दाम आसमान छूने लगे है। महंगी होने के चलते ग्राहकों को किलो की जगह पाव का रेट बताते हैं, जिससे बगैर संकोच ग्राहक इसे खरीद सकें।
———-
फुटकर के आढ़ती के अनुसार बारिश से पहले और बाद में सब्जी के दामों पर एक नजर
सब्जी बारिश से पहले दाम वर्षा के बाद (फुटकर)
टमाटर 20 से 25 अब 80 से 100
शिमला मिर्च 40 से 50 अब 100 से 120
गोभी 30 से 40 90 से 100
परवल 40 से 45 90 से 100
हरी मिर्च 35 से 40 अब 80 से 100
भिंडी 10 से 12 अब 30 से 40
तरोई 15 से 20 50 से 60
बैगन 10 से 15 अब 50 से 60
लौकी 10 से 15 20 से 30
कद्दू 05 से 10 अब 20 से 30
राजेश वार्ष्णेय एमके
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

