उझानी बदांयू 20 जुलाई।
सावन के पवित्र महीने में कछला धर्मनगरी शिव भक्ति में डूब गई है। शहर की गलियों से लेकर प्रमुख मंदिरों तक हर स्थान शिवमय हो उठा है। शिवालयों में विशेष पूजन हो रहा है और श्रद्धालु बोल बम के जयकारों के साथ हाइवे से निकलते हुए भगवान शिव की आराधना में लीन हैं।
हर साल की तरह इस बार भी कांवड़ यात्रा ने पूरे वातावरण को भक्ति भाव से सराबोर कर दिया है। डाक कांवड़ियों से लेकर पैदल यात्रियों तक, हर कोई शिवभक्ति में मग्न है। कछला गंगा घाट से जल भरकर गुजरने वाले कांवड़िये उत्साह से भरपूर हैं। कई जगहों पर समूहों में कांवड़ लेकर चलते श्रद्धालु बारी-बारी से कांवड़ उठाकर सफर तय कर रहे हैं। उनके चेहरों पर भक्ति की आभा साफ झलक रही है।
श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए सामाजिक और धार्मिक संस्थाओं ने जगह-जगह कांवड़ शिविर लगाए हैं। हर 100 से 150 मीटर की दूरी पर लगे इन शिविरों में ठहरने, जलपान, प्राथमिक उपचार और विश्राम की सुविधाएं उपलब्ध हैं। शिविरों से लगातार हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहते हैं, जो वातावरण को और भी आध्यात्मिक बना रहे हैं।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस प्रशासन ने विशेष इंतजाम किए हैं। शहर से लेकर हाइवे की सुरक्षा का जिम्मा सुरक्षाबलों ने संभाल रखा है। पुलिस विभाग की ओर से रोड मैप तैयार किया गया है, जिसमें कांवड़ मार्ग, वैकल्पिक यातायात व्यवस्था के बारे में जानकारी दी गई है। इसी अनुरूप कांवड़ियों को पुलिसकर्मी मार्ग बता रहे हैं, ताकि व्यवस्था बनी रहे।
राजेश वार्ष्णेय एमके




badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com