सिंचाई विभाग सतर्क।
बदांयू 2 जुलाई।
पहाड़ों पर हो रही लगातार बारिश और बादल फटने की घटना के बाद से कछला गंगा का जलस्तर बढ़ने लगा है। नरौरा डैम से पानी का डिस्चार्ज मंगलवार को पूरे दिन बढ़ा रहा। सोमवार के मुकाबले डिस्चार्ज दोगुना हो गया। इससे गंगा में जलस्तर काफी बढ़ गया और गंगा की धारा एटा कासगंज
इलाके के बांधों तक दस्तक देने लगी है। सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बांधों पर पहुंचकर जलस्तर की स्थिति देखी। सिंचाई विभाग ने स्थिति सामान्य बताई है।
मंगलवार को गंगा में नरौरा बैराज से 1.22 लाख क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज था, लेकिन यह डिस्चार्ज शाम चार बजे बढ़कर 1.28 लाख क्यूसेक पर पहुंच गया। इस तरह से पूरे दिन बढ़ा हुआ डिस्चार्ज गंगा में बना रहा। इससे कछला गंगा के जलस्तर में करीब 70 सेंटीमीटर की वृद्धि हो गई। गंगा घाटों पर भी गंगा के उत्तरी व दक्षिणी किनारे की ओर पानी का फैलाव लगातार होता रहा। ऐसे में गंगाघाट पर दुकानदारों ने अपनी अस्थायी दुकानें हटा ली।

रात तक जलस्तर में वृद्धि का सिलसिला देखा गया। मानसून के सीजन का यह पहला बढ़ा हुआ डिस्चार्ज था। इसे लेकर सिंचाई विभाग सतर्क नजर आया। कासगंज व एटा जिले के बांधों तक गंगा के बढ़े हुए पानी की दस्तक पहुंच गई है। सभी बांध सुरक्षित हैं। जिससे गंगा का पानी बढ़ने पर गांव की ओर रुख न कर सके।
हरिद्वार और बिजनौर से मिले डिस्चार्ज घटने के संकेत
हरिद्वार और बिजनौर से मंगलवार को पानी के डिस्चार्ज में कमी दर्ज की गई है। हरिद्वार से डिस्चार्ज में करीब पचास फीसदी की कमी आई है। वहीं बिजनौर से यह डिस्चार्ज करीब एक लाख क्यूसेक कम हो गया है। जो जिले में गंगा के जलस्तर में कमी आने के संकेत दे रहा है।
बैराजों से पानी का डिस्चार्ज
हरिद्वार- 66860 क्यूसेक
बिजनौर- 47502 क्यूसेक
नरौरा- 128848 क्यूसेक
कछला ब्रिज- 162.45 मीटर के निशान पर
सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि नरौरा से बढ़ाए गए पानी के डिस्चार्ज के कारण गंगा के जलस्तर में वृद्धि हुई है। इससे गंगा की तलहटी में पानी बढ़ता जा रहा है, लेकिन राहत इस बात की है कि अब बांधों का डिस्चार्ज कम होगा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com