बदायूॅं। नगर पालिका सदर नागरिकों को पेयजल सप्लाई उपलब्ध कराने में असफल साबित हो रही है। लगभग दो सप्ताह से पालिका क्षेत्र के कई मोहल्लों में पेयजल सप्लाई नहीं मिल पा रही है जिससे नागरिकों को पानी की एक-एक बूंद के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है। नगर पालिका की कार्यप्रणाली का अंदाजा आप इसी से लगा सकते हैं कि इस जन समस्या का पता लगने पर शनिवार को नगर पालिका के जलकल पटल पर तैनात अस्सिटेंट इंजीनियर सतीश कुमार से फोन पर संपर्क साधा गया तब उन्होंने यह कहते हुए पल्ला झाड़ लिया कि उन्हें इसके संबंध में कोई जानकारी नहीं है क्योंकि वह छुट्टी पर हैं। बताया जाता है कि पालिका क्षेत्र के बहुत बड़े भाग को लगभग दो सप्ताह से पेयजल सप्लाई नहीं मिल जिसमें मोहल्ला टिकटगंज, शहबाजपुर, वैदो टोला, हकीमगंज, गिंदु देवी, विजयनगर कॉलोनी, प्रोफेसर्स कॉलोनी, कमंग्रान, साहूकारा, मिर्धा टोला, पंजाबी चौक, सैय्यद बाड़ा शेख पट्टी, काजी टोला आदि शामिल है। सूत्र बताते हैं कि लगभग दो सप्ताह से नगर पालिका के दो ट्यूबवेल खराब पड़े हैं। जिसमें एक मीराजी एवं दूसरा सिरसा रोड पर स्थित है,इन्हीं ट्यूबवेल की खराबी के कारण पेयजल सप्लाई व्यवस्था लड़खड़ाई हुई है। यहां सवाल यह उठता है कि यदि यह ट्यूबवेल खराब है तो ऐसी स्थिति में कैसे सही होंगे जब नगर पालिका के जिम्मेदार इंजीनियर को इसकी खबर ही नहीं है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

