बदायूं
आयुष्मान योजना बनी गरीबों के लिए जीवनदायिनी, बदायूं में 8.55 लाख से अधिक कार्ड बने, 1.17 लाख मरीजों को मिला मुफ्त इलाज
केशव गुप्ता
बदायूं, 16 जुलाई।
आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना जनपद बदायूं में गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों के लिए संजीवनी का सहारा बनकर उभरी है। योजना के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को गंभीर बीमारियों का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे हजारों परिवारों को बड़ी राहत मिली है।
जनपद में अब तक 8,25,345 आयुष्मान कार्ड बनाए जा चुके हैं, जबकि 70 वर्ष से अधिक आयु के 30,201 वरिष्ठ नागरिकों के भी आयुष्मान कार्ड तैयार किए गए हैं। योजना के अंतर्गत जिले के 19 सरकारी और 14 निजी अस्पताल, कुल 33 अस्पताल सूचीबद्ध हैं, जहां पात्र लाभार्थियों को पांच लाख रुपये तक का कैशलेस उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है।
अब तक 1.17 लाख से अधिक लाभार्थी इस योजना का लाभ उठा चुके हैं और सूचीबद्ध अस्पतालों को 171.93 करोड़ रुपये का भुगतान किया जा चुका है। यह आंकड़े योजना की सफलता और आमजन के बढ़ते विश्वास को दर्शाते हैं।
दातागंज क्षेत्र के ग्राम मूजखेड़ा निवासी महेश गंभीर हृदय रोग से पीड़ित थे। आर्थिक तंगी के चलते इलाज कराना संभव नहीं था, लेकिन आयुष्मान कार्ड बनने के बाद उन्हें सूचीबद्ध अस्पताल में निःशुल्क उपचार मिला और अब वे स्वस्थ जीवन व्यतीत कर रहे हैं।
इसी प्रकार आसमा बेगम को गंभीर बीमारी के दौरान आयुष्मान योजना के माध्यम से समय पर बेहतर अस्पताल में मुफ्त इलाज मिला, जिससे उनके स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार हुआ। वहीं ग्राम नसीरपुर निवासी अरविंद पुत्र मनोहर सिंह का भी योजना के तहत सफल उपचार हुआ और अब वे सामान्य जीवन जी रहे हैं।
आयुष्मान भारत योजना के प्रभावी संचालन के चलते बदायूं ने पिछले सात दिनों में 10,907 आयुष्मान कार्ड बनाकर पूरे प्रदेश में दूसरा स्थान हासिल किया है। इस उपलब्धि का श्रेय आयुष्मान योजना से जुड़े अधिकारियों, चिकित्सा विभाग की टीम, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों के कर्मचारियों तथा सभी कार्मिकों को दिया गया।
जिला प्रशासन ने जनपद के सभी पात्र परिवारों से अपील की है कि वे शीघ्र अपना आयुष्मान कार्ड बनवाएं और आवश्यकता पड़ने पर योजना के अंतर्गत सूचीबद्ध अस्पतालों में पांच लाख रुपये तक के निःशुल्क उपचार का लाभ अवश्य उठाएं।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

