बदायूं
बदायूं: अस्पताल में 4 मोबाइल चोरी से मचा हड़कंप, CCTV में कैद हुआ नशेड़ी युवक, पकड़ने के बाद भी बिना मुकदमे छोड़े जाने पर उठे सवाल
केशव गुप्ता
बदायूं। थाना सिविल लाइन क्षेत्र स्थित मंडी समिति के पास न्यू जीवदान हॉस्पिटल में मोबाइल चोरी की सनसनीखेज घटना सामने आई है। अस्पताल परिसर में घुसे एक कथित नशेड़ी युवक ने मरीजों और उनके तीमारदारों के चार मोबाइल फोन चोरी कर लिए। घटना के बाद अस्पताल में अफरा-तफरी मच गई, जबकि पूरी वारदात अस्पताल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
जानकारी के अनुसार आरोपी युवक काफी देर से अस्पताल परिसर में संदिग्ध परिस्थितियों में घूम रहा था। इसी दौरान उसने मौका देखकर अलग-अलग मरीजों और तीमारदारों के मोबाइल फोन चोरी कर लिए। चोरी के बाद जब वह अस्पताल से बाहर निकलने लगा तो मौजूद लोगों को उस पर शक हुआ। लोगों ने पीछा कर उसे मौके पर ही पकड़ लिया और तत्काल डायल-112 पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लेकर चौकी ले गई, जहां उससे पूछताछ की गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपी को करीब 10 घंटे तक चौकी में बैठाए रखा गया। हालांकि बाद में अस्पताल संचालक द्वारा कोई लिखित शिकायत या कानूनी कार्रवाई कराने से इनकार किए जाने की बात सामने आई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को कड़ी चेतावनी देकर छोड़ दिया।
इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में कई सवाल उठ रहे हैं। लोगों का कहना है कि जब चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड है और आरोपी को मौके पर पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया था, तो उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज क्यों नहीं किया गया? इस मामले को लेकर क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं और लोग कानून व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं।
फिलहाल मामले में पुलिस या अस्पताल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

