बिसौली (बदायूं)। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन निविदा संविदा कर्मचारी संघ के बैनर तले अधिशासी अभियंता, विद्युत वितरण खंड कार्यालय बिसौली के समक्ष आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत धरना-प्रदर्शन किया। सुबह 10 बजे से शुरू हुए प्रदर्शन में कर्मचारियों ने नारेबाजी कर अपनी मांगों को लेकर विरोध दर्ज कराया।
प्रदेश उपाध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि विभागीय अधिकारियों द्वारा संविदा कर्मचारियों के साथ दमनकारी नीति अपनाकर उनका शोषण किया जा रहा है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।
प्रदेश संगठन मंत्री हरीश चंद्र यादव ने आरोप लगाया कि परीक्षण के नाम पर संविदा कर्मचारियों को सेवा से बाहर करने का प्रयास किया जा रहा है और संगठन इसका विरोध करेगा।
धरने को जिला अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार सिंह, मध्यांचल संगठन मंत्री राकेश कुमार तथा जिला महामंत्री जापान सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने भी संबोधित किया।
धरने के बाद अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार सिंह के साथ 8 सूत्रीय मांगपत्र पर देर शाम तक वार्ता हुई। संगठन के अनुसार, वार्ता सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई और विभाग द्वारा आउटसोर्स संविदा कर्मचारियों के विरुद्ध की जा रही कार्रवाइयों को वापस लेने पर सहमति बनी।
धरने में विपिन कुमार सिंह राठौर, पवन पटेल, विवेक शर्मा, मुकेश कुमार, अभय सिंह, कृपाल सिंह यादव, अमर सिंह, प्रेमपाल प्रजापति सहित बड़ी संख्या में संविदा कर्मचारी उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

