3:41 pm Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

13 दिन से लापता किशोरी को लेकर उबला गुस्सा, बजरंग दल का थाने पर जोरदार प्रदर्शन

प्रदीप प्रजापति

बदायूं ज़िले के कादरचौक थाना क्षेत्र में 13 दिन पूर्व अपहृत हुई किशोरी का अब तक कोई सुराग न लग पाने से शुक्रवार को लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। परिजनों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव करते हुए पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और धरना प्रदर्शन किया।

बताया गया कि भमुइया गांव निवासी युवक मुज्जकिर पर 17 जुलाई को एक किशोरी के अपहरण का आरोप है। पीड़ित परिवार ने तत्काल पुलिस में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन 13 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस न तो किशोरी को खोज सकी है और न ही आरोपी की गिरफ्तारी कर सकी है।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने कुछ लोगों को हिरासत में लिया था, लेकिन एक स्थानीय नेता के हस्तक्षेप के बाद उन्हें छोड़ दिया गया। इस मामले में कार्रवाई न होते देख परिवार ने हिंदूवादी संगठन बजरंग दल से संपर्क किया, जिसके बाद संगठन के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार सुबह थाने पहुंचकर विरोध प्रदर्शन किया।

करीब 45 मिनट तक थाना परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक किशोरी को सकुशल बरामद नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
थाना प्रभारी धनंजय सिंह ने बताया कि पुलिस टीम लगातार तलाश कर रही है और जल्द ही किशोरी को बरामद कर आरोपी को जेल भेजा जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस