उझानी बदांयू 2 जून।
पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था के दावों की चोर, लुटेरे पोल खोल रहे हैं। पिछले एक महीने से शहर से लेकर गांवों तक में दुकान व घरों में चोरी की वारदातें हो रही हैं। हर दूसरे दिन एक बाइक चोरी हो रही है, व महिलाओं के पर्स चोरी की वारदातें हो रही हैं।
अपराधियों के हौसले बढ़ते जा रहे हैं, जिससे पुलिस की रात्रि गश्त व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।
आरोप है कि संदिग्ध व अनजान मुंह पर नकाब बांध कर निकल जाते हैं, पुलिस रोक कर पूछती तक नहीं। पुलिस की रात के समय निष्क्रियता के चलते चोरी, मारपीट व छीना-झपटी के मामलों में इजाफा होने लगा है। यही नहीं, वारदातें होने के बाद पुलिस की जांच प्रक्रिया पर भी सवाल उठने लग हैं। अनसुलझी वारदातों की फेहरिस्त लंबी होती जा रही है।
चोर का चेहरा सीसीटीवी कैमरे में कैद होने के बाद भी कई घटनाओं में कोतवाली पुलिस के हाथ खाली है, पुलिस की लगातार दबिश देने के बाद भी शातिर चोरों को पुलिस पकड नहीं पाई।
एक दर्जन बाइकों की चोरी में भी चोर को सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता
है मगर कोतवाली पुलिस है कि उसने आज तक किसी बाइक चोर को पकड़ने में कामयाबी नहीं पाई ।
कोतवाली पुलिस की सुस्ती का ही नतीजा है कि अपराधी वारदात को अंजाम देकर साफ निकल जाते हैं। पुलिस सिर्फ कुछ चोरी की घटनाओं को दर्ज कर , इतिश्री कर देती है। कोतवाली पुलिस का चोर, उचक्को पर कोई अंकुश नहीं है।
राजेश वार्ष्णेय एमके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com