12:15 am Thursday , 30 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी ईद के लिए सजने लगे बाजार महिलाओं ने शुरू की खरीदारी

उझानी बदायूं 25 मार्च।
रमजान का मुकद्दस महीना चल रहा है। ईद का पर्व नजदीक आने वाला है। इसलिए बाजारों में दुकानें भी सजने लगी हैं। ईद की तैयारियों के लिए महिलाओं ने खरीदारी का सिलसिला शुरू कर दिया है। भीड़ भले ही अभी कम है, लेकिन दो दिन बाद भीड़ बढ़ेगी और खरीदारी का सिलसिला तेज हो जाएगा। दुकानदारों को भी उम्मीद है कि इस बार अच्छी बिक्री होगी।

रमजान के महीने में 10-10 दिन के तीन अशरे होते हैं। दो अशरे पूरे हो चुके हैं। तीसरा व अंतिम अशरा चल रहा है। इसीलिए ईद की तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। अभी तक मुस्लिम बहुल इलाकों में रमजान की रौनक दिख रही थी, लेकिन अब ईद की तैयारियों को लेकर खास चहल-पहल नजर आने लगी है। यही हाल बाजारों में भी दिख रहा है। अब ईद की खरीदारी के लिए भी दुकानें सज गई हैं। शहर में सब्जी मंडी तिराहा से बिल्सी रोड, घंटाघर तिराहे तक खास बाजार सजे हुए हैं, जहां सेंवई की दुकानें आकर्षण का केंद्र बनी हैं।

घंटाघर, शापिंग सेंटर, बिल्सी रोड ,कछला रोड, स्टेशन रोड समेत कई प्रमुख बाजारों में भी ईद की खरीदारी के लिए लोग पहुंच रहे हैं। रेडीमेड कपड़ों की दुकानों में ज्यादा भीड़ दिख रही है, क्योंकि लोग अपनी पसंदीदा पोशाक की तलाश कर रहे हैं। कुर्ता-पायजामा की दुकानें भी सजी हैं। दुकानदार जमीर अहमद का कहना है कि दिन में भीड़ कम रहती है, लेकिन शाम होते ही भीड़ बढ़ने लगती है।

ईद में कई दिन बाकी हैं, इसलिए आने वाले दिनों में भीड़ बढ़ेगी और दुकानदारी भी अच्छी होगी। बिल्सी रोड के अनीस अहमद, शापिंग सेंटर के जीतू बताया कि ईद की तैयारी शुरू हो गई है।

अभी भीड़ का सिलसिला शाम को ज्यादा रहता है, क्योंकि दोपहर में धूप की वजह से खरीदार कम निकल रहे हैं। जैसे-जैसे ईद का दिन नजदीक आएगा, सुबह से रात तक बाजारों में भीड़ रहेगी। कस्बा निवासी डॉ.इबा फरमान , मोहम्मद आरिफ खां, शानू , नाजिर, मो. शाहिद ने बताया कि ईद की तैयारियां शुरू हो गई हैं। इसीलिए खरीदारी के लिए बाजारों की दौड़ होने लगी है।——————— राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस