2:18 pm Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

बिनावर SBI बैंक टप्पेबाजी कांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

बदायूं

बिनावर SBI बैंक टप्पेबाजी कांड का खुलासा: पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, दोनों के पैर में लगी गोली

केशव गुप्ता

बदायूँ। थाना बिनावर पुलिस ने एसबीआई बैंक में हुई टप्पेबाजी की वारदात का खुलासा करते हुए पुलिस मुठभेड़ में दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की गोली से एक पुलिसकर्मी घायल हो गया, जबकि जवाबी कार्रवाई में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, कारतूस, ₹6,500 नकद और वारदात में प्रयुक्त ईको कार बरामद की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक नगर के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में थाना बिनावर पुलिस ने 9 जुलाई को कस्बा बिनावर स्थित एसबीआई बैंक में हुई टप्पेबाजी की घटना का सफल अनावरण किया।
पुलिस के अनुसार गंगा एक्सप्रेस-वे अंडरपास के पास चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर संदिग्ध ईको कार को रोकने का प्रयास किया गया। कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी और फरार होने लगे। औरंगाबाद तिराहे के पास वाहन कच्चे रास्ते में फंस गया, जिसके बाद बदमाशों ने दोबारा पुलिस पर गोली चला दी। इस दौरान आरक्षी सुधीर पाल घायल हो गए। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी और उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान नवीन उर्फ लक्की उर्फ सनी निवासी गाजियाबाद तथा विटूल बंसल उर्फ ललित निवासी झज्जर (हरियाणा), हाल निवासी नंद नगरी, दिल्ली के रूप में हुई है। दोनों घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर 9 जुलाई को बिनावर स्थित एसबीआई बैंक में टप्पेबाजी की घटना को अंजाम दिया था और एक अन्य वारदात करने जा रहे थे, तभी पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस के अनुसार इनके अन्य साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 02 देशी तमंचे (315 बोर), 02 जिंदा कारतूस, 01 मिस कारतूस, 02 खोखा कारतूस, ₹6,500 नकद तथा ईको कार (DL5CJ8911) बरामद की है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी विभिन्न जनपदों में टप्पेबाजी, धोखाधड़ी, गैंगस्टर, आर्म्स एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के कई मामलों में वांछित रहे हैं। पुलिस दोनों के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश करेगी।

विज्ञापन एक्सप्रेस