12:29 am Tuesday , 21 July 2026
BREAKING NEWS

राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के विशेष शिविर का समापन समारोह

आज दिनांक 04 फरवरी 2025 को राजकीय महिला महाविद्यालय, बदायूं में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजधन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। समारोह का शुभारंभ समस्त अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।
समापन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गंगासमग्र ब्रज प्रांत की सहसंयोजक एवं व्यापार मंडल, बदायूं की महिला जिला अध्यक्ष श्रीमती सीमा चौहान जी उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि के रूप में राष्ट्रीय सेवा योजना, बदायूं के जिला नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार जायसवाल जी ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना के साथ हुआ, जिसमें स्वयंसेविका राधिका पाल ने सरस्वती वंदना पर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके पश्चात मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया, तथा स्वयंसेविकाओं द्वारा स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। तत्पश्चात कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भावना सिंह ने सभी अतिथियों का परिचय करवाया और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शुरुआत की।सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में विशालाक्षी एवं उनके दल ने “अप्सरा अली” गीत पर नृत्य प्रस्तुत किया। सुषमा भारती एवं सीता ने मनमोहक समूह नृत्य प्रस्तुत किया। स्वयंसेविकाओं द्वारा “सोशल मीडिया के प्रभाव” पर एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया गया।
मुख्य अतिथि श्रीमती सीमा चौहान जी ने अपने संबोधन में कहा कि महिलाएं किसी से कम नहीं हैं, और ऐसा कोई क्षेत्र नहीं है जहां उन्होंने अपनी क्षमता को सिद्ध न किया हो। उन्होंने स्वयंसेविकाओं को अपने अंतर्मन की आवाज सुनकर सतत आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशिष्ट अतिथि डॉ. राकेश कुमार जायसवाल जी ने स्वयंसेविकाओं के परिश्रम एवं समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें सदैव प्रयासरत रहने की सलाह दी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजधन जी ने अपने संरक्षकीय उद्बोधन में अनुशासन और लक्ष्य के प्रति अविचलित समर्पण का संदेश देते हुए स्वयंसेविकाओं को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
विशेष शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं की घोषणा की गई । भाषण प्रतियोगिता में प्रथम स्थान रिया राणा, द्वितीय स्थान अंशिका तथा तृतीय स्थान शाजिया अख्तर ने प्राप्त किया
पोस्टर प्रतियोगिता में प्रथम स्थान सुमैरा रहमान, द्वितीय स्थान अनम सलीम सैफी तथा तृतीय स्थान पूर्णिमा सक्सेना ने प्राप्त किया।
इसके अतिरिक्त, 11 स्वयंसेविकाओं को “सक्रिय स्वयंसेविका” के खिताब से नवाजा गया, जिनमें अनम सलीम सैफी, अनमता इस्लाम, फरिया सलीम, हिबा बी, इल्मा, इल्तमा खान, मंजरुल फात्मा, पूर्णिमा सक्सेना, तैबा, सानिया सिद्दीकी तथा इल्मा शामिल रहीं।
सुमैरा रहमान को “सर्वश्रेष्ठ स्वयंसेविका” का सम्मान प्रदान किया गया।
सभी विजेताओं एवं सम्मानित स्वयंसेविकाओं को अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं पुरस्कार प्रदान किए गए।
कार्यक्रम के अंत में, समस्त अतिथियों को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम अधिकारी डॉ. भावना सिंह ने सभी अतिथियों, स्वयंसेविकाओं एवं आयोजन से जुड़े सभी व्यक्तियों का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम का सफल संचालन अनमता इस्लाम एवं तैबा द्वारा किया गया।
इस आयोजन की सफलता में महाविद्यालय परिवार का महत्वपूर्ण योगदान रहा।

विज्ञापन एक्सप्रेस