कछला गंगा घाट पर डायल 112 की तत्परता: गुम हुआ कांवड़ यात्री का बैग मिनटों में बरामद, पुलिस की सराहना।
उझानी-बदांयू 7 अगस्त।
कावड़ मेले के दौरान सेवा और सुरक्षा का एक और उदाहरण देखने को मिला। कछला स्थित भागीरथी गंगा घाट पर फिरोजाबाद के एक कांवड़ यात्री का बैग गुम हो गया था, जिसे डायल 112 की पीआरवी टीम ने तुरंत कार्रवाई कर सकुशल बरामद कर यात्री को सौंप दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जनपद फिरोजाबाद निवासी मानसिंह पुत्र कपिल जल भरने के लिए कछला गंगा घाट पहुंचे थे। भीड़ और व्यस्तता के बीच उनका बैग कहीं छूट गया। काफी खोजबीन के बाद भी जब बैग नहीं मिला तो उन्होंने घाट पर मौजूद डायल 112 को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पीआरवी 7845 मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने पूरे घाट परिसर में तलाशी अभियान चलाया और कुछ ही देर में बैग बरामद कर लिया। जांच के बाद बैग उसके मालिक मानसिंह को वापस कर दिया गया।
बैग वापस मिलने पर कांवड़ यात्री ने पुलिस टीम का आभार जताया। उसने कहा कि मेले में पुलिस की मदद से उसका जरूरी सामान सुरक्षित मिल गया।
इस घटना के बाद क्षेत्रीय लोगों ने भी पुलिस की तत्परता की सराहना की। अधिकारियों ने पीआरवी 7845 की टीम के कार्य की प्रशंसा करते हुए कहा कि आमजन की सेवा और सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है और कावड़ यात्रा के दौरान हर संभव मदद की जाएगी।
कछला घाट पर इस समय कांवड़ यात्रियों की भारी भीड़ है। पुलिस प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि वे अपने सामान का विशेष ध्यान रखें और किसी भी आपात स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

