4:42 pm Thursday , 6 August 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में लंगूरों की तस्करी का भंडाफोड़ पिंजरे में बंद मिले 10 लंगूर, एक गिरफ्तार

पीलीभीत के जंगल से लाकर बेचने की थी तैयारी।

बदांयू 6 अगस्त।

बदायूं के कादरचौक क्षेत्र में पुलिस ने लंगूरों की तस्करी का बड़ा खुलासा किया है। मुखबिर की सूचना पर हुई कार्रवाई में पुलिस ने एक कार सवार युवक को गिरफ्तार किया है। उसकी कार से 10 लंगूर बरामद किए गए हैं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि ये लंगूर पीलीभीत के दियोरिया जंगल से पकड़कर लाए गए थे। उसे इन्हें कादरचौक में बेचना था। आरोपी खुद कादरचौक का ही रहने वाला है।

पुलिस के मुताबिक क्षेत्र में बंदरों के आतंक से परेशान लोग लंगूर खरीदना चाहते थे, ताकि बंदरों को भगाया जा सके। इसी मांग का फायदा उठाकर तस्कर लंगूरों की सप्लाई कर रहे थे।

आरोपी ने पुलिस को बताया कि बाजार में एक लंगूर 15 से 20 हजार रुपये तक में बिकता है। वह इन्हें बेचने के लिए ही ले जा रहा था, तभी पुलिस ने उसे दबोच लिया। कार और 10 लंगूर भी जब्त कर लिए गए।

प्रभारी वन अधिकारी वनीता सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ वन्य जीव संरक्षण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कादरचौक में बंदरों का आतंक एक बड़ी समस्या बन गया है। इसी वजह से लंगूरों की मांग अचानक बढ़ गई थी, जिसका फायदा तस्कर उठा रहे थे।

वन्य जीवों का शिकार और तस्करी कानूनन अपराध है। इसके लिए सख्त सजा का प्रावधान है।

विज्ञापन एक्सप्रेस