बदायूं
स्कूल बस से बीच रास्ते उतरा 12वीं का छात्र लापता, 20 घंटे बाद भी नहीं लगा सुराग; परिजनों की बढ़ी चिंता
केशव गुप्ता
सहसवान, बदायूँ। सहसवान क्षेत्र का 17 वर्षीय छात्र पिछले करीब 20 घंटे से लापता है। काफी तलाश के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लगने से परिजनों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। मामले की सूचना मिलने पर पुलिस भी छात्र की तलाश में जुटी है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
जानकारी के अनुसार, मोहल्ला बजरिया निवासी संजय पुत्र सोमेंद्र नाथ ने कोतवाली सहसवान में दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनका भतीजा अनिकेत पुत्र आकाश (17 वर्ष) एपीएस इंटरनेशनल स्कूल, उझानी में कक्षा 12 (कला वर्ग) का छात्र है। सोमवार 27 जुलाई को दोपहर करीब 2 बजे स्कूल से लौटते समय उसने स्कूली बस चालक से जिद कर अकबराबाद चौराहे पर बस रुकवाकर उतर गया। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा।
परिजनों के अनुसार, अनिकेत की चचेरी बहन परी ने घर पहुंचकर बताया कि अनिकेत बस से अकबराबाद चौराहे पर उतर गया था। इसके बाद परिवार ने रिश्तेदारों और संभावित स्थानों पर उसकी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
सूचना पर कोतवाली सहसवान पुलिस ने छात्र की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, हालांकि समाचार लिखे जाने तक छात्र का कोई सुराग नहीं मिल पाया था।
अपील: यदि किसी व्यक्ति को छात्र अनिकेत दिखाई दे या उसके संबंध में कोई जानकारी हो तो तत्काल कोतवाली सहसवान पुलिस के सीयूजी नंबर 9454402947 अथवा परिजनों के मोबाइल नंबर 9458772136 पर संपर्क कर सूचना दें।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
