मुजरिया में पीस कमेटी की बैठक, शांतिपूर्ण कांवड़ यात्रा को लेकर पुलिस ने की अपील
बदायूं। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा के मद्देनज़र अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. हृदेश कठेरिया ने थाना मुजरिया क्षेत्र में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं डीजे संचालकों के साथ पीस कमेटी की बैठक आयोजित की।
बैठक में उन्होंने सभी से कांवड़ यात्रा को आपसी भाईचारे, सौहार्द एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें तथा कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
अपर पुलिस अधीक्षक ने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा डीजे एवं ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा निर्धारित मानकों के अनुरूप करने का आग्रह किया। उन्होंने बताया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
उन्होंने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक अथवा भ्रामक सामग्री प्रसारित न करने तथा शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करने की भी अपील की।
बैठक में उपस्थित पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने तथा कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने का आश्वासन दिया।
बैठक के बाद अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने थाना मुजरिया क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
इस दौरान प्रभारी निरीक्षक मुजरिया श्री विदेश कुमार शर्मा सहित पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
