सहसवान में कांवड़ यात्रा को लेकर पीस कमेटी की बैठक, कांवड़ रूट का भी किया निरीक्षण
बदायूं। आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) डॉ. ह्रदेश कठेरिया ने गुरुवार को थाना सहसवान क्षेत्र में धर्मगुरुओं, संभ्रांत नागरिकों एवं डीजे संचालकों के साथ पीस कमेटी की बैठक की। इसके बाद थाना मुजरिया क्षेत्र के कांवड़ मार्ग का निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने सभी से कांवड़ यात्रा के दौरान आपसी भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और यदि कोई संदिग्ध गतिविधि दिखाई दे तो उसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने श्रद्धालुओं से निर्धारित मार्ग एवं समय का पालन करने तथा डीजे व ध्वनि विस्तारक यंत्रों का उपयोग शासन द्वारा तय मानकों के अनुरूप करने का अनुरोध किया। साथ ही स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा।
डॉ. कठेरिया ने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक सामग्री प्रसारित न करने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रशासन का सहयोग करें, ताकि यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में मौजूद पीस कमेटी के सदस्यों, धर्मगुरुओं एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने का भरोसा दिलाया।
बैठक के उपरांत अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ने थाना मुजरिया क्षेत्र के कांवड़ रूट का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था एवं अन्य तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इस दौरान क्षेत्राधिकारी सहसवान अशोक कुमार सिंह, प्रभारी निरीक्षक सहसवान, प्रभारी निरीक्षक मुजरिया सहित पुलिस बल मौजूद रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
