बदायूं
रिश्तेदारी में आई 15 वर्षीय छात्रा गंगा के तेज बहाव में बही, तलाश में जुटीं गोताखोर और प्रशासन की टीमें
केशव गुप्ता
सहसवान (बदायूं)। सहसवान कोतवाली क्षेत्र के ग्राम नगला बरन में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया। रिश्तेदारी में अपनी बुआ के घर आई 15 वर्षीय छात्रा गंगा नदी में नहाते समय तेज बहाव की चपेट में आकर लापता हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
बताया जा रहा है कि छात्रा अपने परिजनों के साथ गंगा नदी पर स्नान करने गई थी। इसी दौरान वह अचानक गहरे पानी और तेज बहाव में फंस गई तथा देखते ही देखते नदी में बह गई। मौके पर मौजूद लोगों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। गोताखोरों तथा स्थानीय लोगों की मदद से छात्रा की तलाश शुरू कर दी गई। देर शाम तक सर्च अभियान जारी रहा, लेकिन छात्रा का कोई सुराग नहीं मिल सका।
प्रशासन ने बताया कि छात्रा की तलाश के लिए गोताखोरों की टीम लगातार अभियान चला रही है। घटना के बाद पूरे गांव और परिजनों में शोक का माहौल है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
