7:41 pm Sunday , 26 July 2026
BREAKING NEWS

बड़ी सफलता: मुजरिया पुलिस ने बिजली लाइन चोरी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश, 5 शातिर गिरफ्तार

बदायूं

बड़ी सफलता: मुजरिया पुलिस ने बिजली लाइन चोरी करने वाले गैंग का किया पर्दाफाश, 5 शातिर गिरफ्तार

केशव गुप्ता

बदायूँ। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना मुजरिया पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने शनिवार देर रात बिजली लाइन व ट्रांसफार्मर का सामान चोरी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह के पांच सदस्यों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से एक हुंडई औरा कार, अवैध तमंचा, दो चाकू, ट्रांसफार्मर का तेल, भारी मात्रा में बिजली के केबिल व तार तथा तार काटने का उपकरण बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार 25/26 जुलाई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम तिगोड़ा के पास हाईवे किनारे कुछ लोग खेत में बिजली लाइन का तार काटकर चोरी कर रहे हैं। सूचना पर थाना मुजरिया पुलिस ने तत्काल घेराबंदी कर पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धीरेन्द्र, अवदेश, मोहम्मद शहजाद, राजा और धीर सिंह के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान एक 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो नाजायज चाकू, हुंडई औरा कार, करीब 16 लीटर ट्रांसफार्मर का तेल, विभिन्न आकार के बिजली के केबिल, लगभग 135 किलोग्राम बिजली का सिल्वर तार तथा बड़ा तार कटर बरामद हुआ।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने चोरी करने के लिए अपना गैंग बना रखा था। घटना से पहले वे स्थान की रेकी करते थे और फिर कार में सामान भरकर फरार हो जाते थे। चोरी का सामान बाद में बेचकर आपस में रकम बांट लेते थे।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया है। पुलिस के अनुसार मुख्य आरोपी धीरेन्द्र पर पहले से चोरी के पांच मुकदमे दर्ज हैं।

विज्ञापन एक्सप्रेस