सहसवान(बदायूं ) सहसवान नगर के मोहल्ला शहबाजपुर कटरा में शुक्रवार सुबह एक बैल की अंडरग्राउंड विद्युत लाइनs में करंट उतरने से मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने बिजली विभाग के कर्मचारियों पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बारिश के दौरान क्षेत्र में अंडरग्राउंड बिजली लाइन में करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से बैल की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी ली।
स्थानीय लोगों का कहना है कि पहले बारिश होने पर एहतियात के तौर पर इस क्षेत्र की बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती थी। इस बार भी लोगों ने कई बार बिजली विभाग के कर्मचारियों को फोन कर सप्लाई बंद कराने का प्रयास किया, लेकिन न तो फोन उठाया गया और न ही समय पर बिजली आपूर्ति बंद की गई। लोगों का आरोप है कि कर्मचारियों की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ।
ग्रामीणों ने यह भी बताया कि इसी स्थान पर सुबह एक बच्चा भी बिजली के बॉक्स में आए करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया था। यदि समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती, तो बैल की जान बचाई जा सकती थी।
स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग से पूरे मामले की जांच कर दोषी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा क्षेत्र में फैले करंट की समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है। वहीं, बिजली विभाग की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया।
/रविशंकर
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
