6:31 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं में बारिश से बदला मौसम का मिजाज, जलभराव से कई इलाकों में बढ़ी परेशानी

बदायूं। सोमवार को हुई बारिश ने मौसम का मिजाज तो सुहाना कर दिया, लेकिन थोड़ी देर की बरसात ने ही नगर की व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। शहर की कई सड़कें और गलियां जलमग्न हो गईं, जिससे लोगों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

बारिश के बाद प्रमुख मार्गों सहित कई मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई। जगह-जगह पानी भरने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ी। निचले इलाकों में जलभराव के कारण लोगों के घरों और दुकानों तक पानी पहुंचने की स्थिति भी बन गई।

पनवड़िया बिजलीघर के समीप जलभराव को देखते हुए एहतियात के तौर पर विद्युत विभाग ने क्षेत्र की बिजली आपूर्ति अस्थायी रूप से बंद कर दी, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

स्थानीय लोगों का कहना है कि नगर में नालों की सफाई और जल निकासी के दावों के बावजूद हर वर्ष बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है। लोगों ने नगर पालिका से जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।

बारिश से मौसम में ठंडक जरूर आई है, लेकिन जलभराव और बिजली आपूर्ति बाधित होने से आमजन को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

विज्ञापन एक्सप्रेस