3:22 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

पुराना बाज़ार सुभाष चौक में दो दिनों में दो दुकानों में सेंधमारी की कोशिश

पुराना बाज़ार सुभाष चौक में दो दिनों में दो दुकानों में सेंधमारी की कोशिश, व्यापारियों में दहशत

बदायूं। शहर के पुराना बाज़ार स्थित सुभाष चौक क्षेत्र में लगातार दो दिनों के भीतर दो अलग-अलग दुकानों में दीवार काटकर चोरी का प्रयास किए जाने से व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल है। इन घटनाओं ने क्षेत्र में किसी शातिर चोर गिरोह की सक्रियता की आशंका को और मजबूत कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना एक सराफा दुकान और दूसरी बर्तनों की दुकान में हुई, जहां अज्ञात बदमाशों ने दीवार काटकर दुकान में प्रवेश करने का प्रयास किया। हालांकि चोरी सफल हुई या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है, लेकिन लगातार दो घटनाओं ने व्यापारियों की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

व्यापारियों ने मामले की नई सराय पुलिस चौकी में लिखित शिकायत भी दी है। आरोप है कि शिकायत के बावजूद पुलिस की ओर से अब तक कोई ठोस या कठोर कार्रवाई नहीं की गई, जिससे व्यापारियों में नाराजगी बढ़ गई है।

पीड़ित व्यापारियों का कहना है कि यदि समय रहते प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई तो क्षेत्र में बड़ी चोरी की वारदात हो सकती है। व्यापारियों ने अब मामले में एफआईआर दर्ज कराकर दोषियों की गिरफ्तारी एवं सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करने का निर्णय लिया है।

स्थानीय व्यापारियों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाने, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने तथा जल्द से जल्द घटना का खुलासा करने की मांग की है, ताकि बाजार में सुरक्षा का माहौल कायम हो सके।

विज्ञापन एक्सप्रेस