8:22 pm Sunday , 26 July 2026
BREAKING NEWS

उझानी में फूलों से सजा स्टेशन, डीआरएम ने बांटे फ्री पास, कासगंज – ऐशबाग का उद्घाटन।

कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस का शुभारंभ, पर गर्मी ने बिगाड़ा समारोह का रंग।

उझानी-बदांयू 26 जुलाई ।

उझानी रेलवे स्टेशन रविवार को उत्सव के रंग में रंगा नजर आया। कासगंज-ऐशबाग एक्सप्रेस के शुभारंभ पर रेलवे ने कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी। बीती रात से ही स्टेशन पर ट्रेन को फूलों से सजाने संवारने का काम जारी रहा। इसके साथ ही वाटरप्रूफ टेंट, फूलों से सजी भव्य स्टेज और बैठने के लिए शानदार कुर्सियों के इंतजाम किए गए। लेकिन गर्मी से बचाव के लिए लगे कूलर-पंखे कम पड़ गए, जिससे पूरा माहौल गर्मी की भेंट चढ़ गया।

समारोह में उमड़ी भीड़ के लिए विशाल पांडाल लगाया गया था। लेकिन पर्याप्त कूलर-पंखे न होने के कारण मुख्य अतिथि भी गर्मी से बैहाल नजर आए। कार्यकर्ता और आम लोग भी पांडाल से दूरी बनाकर खड़े रहे। तेज धूप और उमस से लोग बेहाल दिखाई दिए। कई लोग बार-बार बाहर निकलकर राहत तलाशते रहे।

इस ऐतिहासिक मौके को यादगार बनाने के लिए इज्जतनगर रेलवे मंडल की डीआरएम ने लोगों को फ्री स्मारिका पास जारी किए। इन पासों के माध्यम से यात्री आज फ्री में लखनऊ तक का सफर कर सकेंगे।

शुभारंभ समारोह को पर्यावरण संरक्षण को समर्पित रखा गया। डीआरएम वीणा सिन्हा ने आए हुए हर अतिथि का स्वागत एक-एक पौधा भेंट कर किया। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि नई ट्रेन से क्षेत्र की कनेक्टिविटी मजबूत होगी और हरियाली को भी बढ़ावा मिलेगा।

कार्यक्रम को भव्य और व्यवस्थित कराने में भाजपा नगर अध्यक्ष सचिन अग्रवाल और स्टेशन के वाणिज्य अधीक्षक केपी सिंह ने अहम भूमिका निभाई। स्टेशन पर स्वास्थ्य विभाग की टीम डॉक्टरों के साथ मौजूद रही। कई लोगों ने बीपी चेक कराया और यात्रियों ने मौके पर दवा भी ली।

*राजेश वार्ष्णेय एमके।*

विज्ञापन एक्सप्रेस