6:49 pm Monday , 27 July 2026
BREAKING NEWS

अखिल भारतीय सनातन बोर्ड की बैठक में जन समस्याओं पर मंथन, ‘जन समस्या निवारण समिति’ का गठन

अखिल भारतीय सनातन बोर्ड की बैठक में जन समस्याओं पर मंथन, ‘जन समस्या निवारण समिति’ का गठन

बदायूं। अखिल भारतीय सनातन बोर्ड की एक अति महत्वपूर्ण बैठक मथुरिया चौक स्थित पंकज शर्मा के आवास पर आयोजित की गई। बैठक में संगठन की कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने नगर की विभिन्न जन समस्याओं को लेकर व्यापक चिंतन-मंथन किया तथा उनके समाधान के लिए ठोस रणनीति पर चर्चा की।

कार्यकारिणी प्रमुख देवदत्त शर्मा ने कहा कि आम जनता से जुड़ी समस्याओं के प्रति जिम्मेदार विभाग निष्क्रिय और संवेदनहीन हो गए हैं। शिकायतों पर कार्रवाई न होने से लोगों में भारी निराशा व्याप्त है।

नीतीश वार्ष्णेय ने नगर की टूटी सड़कों और बारिश के दौरान होने वाले जलभराव का मुद्दा उठाते हुए कहा कि नगर पालिका द्वारा नए नालों के निर्माण और नालों की तलीझाड़ सफाई के दावों के बावजूद शहर में जलभराव की स्थिति पहले से अधिक गंभीर बनी हुई है।

दीपक सक्सेना ने आगामी सावन माह में शुरू होने वाली कांवड़ यात्रा का उल्लेख करते हुए लालपुल चौराहे से नवादा चौराहे तक सड़क के दोनों ओर फुटपाथ सड़क से नीचे होने के कारण दुर्घटनाओं की आशंका जताई। उन्होंने श्रद्धालुओं और आम नागरिकों की सुरक्षा को देखते हुए फुटपाथ को सड़क के बराबर कराने की मांग की।

संगठन के प्रवक्ता सत्यनारायण गुप्ता ने सफाई व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि आठ घंटे की ड्यूटी के बावजूद सफाई कर्मचारी केवल सुबह एक बार सफाई कर अपनी जिम्मेदारी पूरी कर लेते हैं। उन्होंने शहर के प्रमुख चौराहों पर संबंधित वार्ड सदस्य, सफाई निरीक्षक, सफाई मेट और सफाई कर्मचारियों के नाम एवं मोबाइल नंबर अंकित सूचना बोर्ड लगाए जाने की मांग भी की।

जिला अध्यक्ष जितेंद्र साहू ने नगरवासियों की समस्याओं के समाधान के लिए अखिल भारतीय सनातन बोर्ड को सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। उन्होंने “जन समस्या निवारण समिति” के गठन की घोषणा की। बैठक में उपस्थित सभी पदाधिकारियों की सर्वसम्मति से पंकज शर्मा को समिति का अध्यक्ष मनोनीत किया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष पंकज शर्मा ने कहा कि समिति जनता की समस्याओं को पूरी मजबूती से उठाएगी और उनके निराकरण के लिए संघर्ष करेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति के प्रयासों के सकारात्मक परिणाम जल्द ही धरातल पर दिखाई देंगे।

बैठक में डॉ. अशोक शर्मा, राकेश साहू, डॉ. सुशील गुप्ता, डॉ. अमर सिंह, विजय रतन सिंह फौजी, एडवोकेट अश्वनी भाटी सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

विज्ञापन एक्सप्रेस