बदायूं। राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ जनपद बदायूं के जिला संयोजक दुष्यंत कुमार रघुवंशी एवं जिला सह संयोजक प्रदीप कुमार के नेतृत्व में शिक्षकों के एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार से मुलाकात कर शिक्षकों की विभिन्न समस्याओं को लेकर विस्तृत चर्चा की।
प्रतिनिधिमंडल ने श्रावण मास के दौरान कांवड़ यात्रा के कारण जिले में प्रशासन द्वारा किए जाने वाले रूट डायवर्जन से शिक्षकों के आवागमन में होने वाली कठिनाइयों का मुद्दा प्रमुखता से उठाया। प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व वर्षों की भांति शनिवार एवं सोमवार को अवकाश घोषित किए जाने की मांग की, ताकि शिक्षकों एवं विद्यार्थियों को असुविधा का सामना न करना पड़े।
बैठक में अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया में पारदर्शिता एवं समान अवसर सुनिश्चित करने, शासनादेश के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई, जनगणना के प्रथम चरण का मानदेय जारी कराने, फैमिली आईडी से संबंधित समस्याओं, लंबित चयन वेतनमान एवं जीपीएफ पत्रावलियों के निस्तारण, तथा खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा मेडिकल, सीसीएल, मातृत्व एवं अन्य अवकाशों का समय से निस्तारण न किए जाने जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी नवीन कुमार ने प्रतिनिधिमंडल की सभी मांगों को गंभीरता से सुना और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। उन्होंने संबंधित पटल सहायकों को भी आवश्यक मामलों के त्वरित समाधान के निर्देश दिए।
इस अवसर पर ब्लॉक संयोजक सहसवान चेतन चाहर, ब्लॉक उपाध्यक्ष जगत शुभम वशिष्ठ, ब्लॉक सालारपुर मीडिया प्रभारी अरविंद कुमार, एआरपी सालारपुर रुद्राक्ष उपाध्याय सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
