बदायूं
गंगा एक्सप्रेस-वे लूटकांड का 12 घंटे में खुलासा, लूटा गया कैंटर बरामद; दो बदमाश गिरफ्तार
केशव गुप्ता
बदायूं। थाना मूसाझाग क्षेत्र में गंगा एक्सप्रेस-वे पर कैंटर चालक से हुई लूट की वारदात का बदायूं पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल खुलासा करते हुए लूटा गया कैंटर बरामद कर लिया। पुलिस ने घटना में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि पांच अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, 24 जुलाई को ग्राम मैरी मजर के निकट गंगा एक्सप्रेस-वे पर बिहार से आ रहे कैंटर संख्या UP37BT3121 को बोलेरो सवार 3-4 बदमाशों ने रोक लिया। बदमाशों ने चालक और हेल्पर के साथ मारपीट कर उनके मोबाइल फोन छीन लिए तथा कैंटर लूटकर फरार हो गए। बाद में दोनों को जंगल क्षेत्र में छोड़ दिया गया।
घटना के संबंध में कैंटर चालक जराफत पुत्र शफीक, निवासी आरिफपुर, थाना बाबूगढ़ (जनपद हापुड़) की तहरीर पर थाना मूसाझाग में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बदायूं के निर्देशन में गठित पुलिस टीम ने जनपद रामपुर की थाना गंज पुलिस के सहयोग से त्वरित कार्रवाई करते हुए लूटा गया कैंटर बरामद कर लिया। पुलिस ने हसीन पुत्र अनीस कुरैशी निवासी तालकपुर थाना भोट (रामपुर) तथा हारून पुत्र इस्तयाक निवासी अहेरीपुर थाना बकेवर (इटावा) को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने वारदात में अन्नू, भूरे, मुकुल, गुड्डू (निवासी अहेरीपुर, थाना बकेवर, इटावा) तथा आरिस पुत्र हसीन निवासी तालकपुर, थाना भोट (रामपुर) के भी शामिल होने की जानकारी दी। पुलिस फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी हसीन के विरुद्ध पूर्व से भी गैंगस्टर एक्ट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में थाना मूसाझाग पुलिस टीम ने अंजाम दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना करते हुए फरार आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
