जिला महिला अस्पताल के बाहर झुका पेड़ बना हादसे का सबब, तेज हवा-बारिश में कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
बदायूं। जिला महिला अस्पताल के मुख्य गेट के बाहर स्थित एक बड़ा पेड़ गंभीर रूप से झुक गया है, जिससे कभी भी बड़ा हादसा होने की आशंका बनी हुई है। सोमवार सुबह किसी समय पेड़ और अधिक नीचे की ओर झुककर सड़क किनारे स्थित एक दुकान और एक खोखे पर टिक गया। इसी कारण पेड़ फिलहाल सड़क पर गिरने से बचा हुआ है।
पेड़ की शाखाएं बिजली के तारों की चपेट में आ गई हैं, जिससे बिजली का खंभा भी टेढ़ा हो गया है। यदि तेज हवा या भारी बारिश होती है तो पेड़ के सड़क पर गिरने की पूरी संभावना है। ऐसी स्थिति में राहगीरों, अस्पताल आने वाले मरीजों व तीमारदारों के साथ-साथ दुकानदारों की जान-माल को गंभीर खतरा हो सकता है। साथ ही बिजली आपूर्ति भी बाधित हो सकती है।
गौरतलब है कि 19 जनवरी 2026 को भी इस पेड़ की स्थिति को लेकर समाचार प्रकाशित हुआ था। उस समय पेड़ की जड़ में आग लग गई थी, जिसके कारण पेड़ कमजोर होकर सड़क की ओर झुक गया था। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया था। इसके बावजूद अब तक संबंधित विभाग द्वारा पेड़ को सुरक्षित करने या हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
स्थानीय लोगों और दुकानदारों ने जिला प्रशासन, नगर पालिका एवं विद्युत विभाग से मांग की है कि संभावित दुर्घटना को देखते हुए तत्काल संयुक्त निरीक्षण कर पेड़ को सुरक्षित रूप से हटाने अथवा आवश्यक कार्रवाई कराई जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com
