।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं के लिए कड़े निर्देश।
उझानी-बदांयू 13 जुलाई।
कल 14 जुलाई को पड़ने वाली अमावस्या पर कछला गंगा घाट पर होने वाले विशाल स्नान को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी अवनीश राय और एसएसपी अंकिता शर्मा ने सोमवार को कछला गंगा घाट का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम और एसएसपी ने स्नान, सुरक्षा, स्वच्छता, यातायात व्यवस्था, बैरिकेडिंग, प्रकाश व्यवस्था, पेयजल, चिकित्सा शिविर सहित अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया।
अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि स्नान से पहले सभी व्यवस्थाएं समय से पूर्ण कर ली जाएं। घाट पर पर्याप्त बैरिकेडिंग, गोताखोरों की तैनाती, पुलिस बल की ड्यूटी और सीसीटीवी से निगरानी के आदेश दिए गए। साथ ही श्रद्धालुओं के लिए पेयजल, अस्थायी शौचालय, साफ-सफाई और प्राथमिक चिकित्सा केंद्र सुचारु रखने को कहा गया।
डीएम अवनीश राय ने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा सर्वोच्च प्राथमिकता है। स्नान के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें।
एसएसपी अंकिता शर्मा ने यातायात को सुगम बनाए रखने और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि घाट और आसपास के क्षेत्र में 24 घंटे गश्त की जाएगी।
प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा बनाए गए दिशा-निर्देशों का पालन करें और सुरक्षित स्नान करें।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

