बैंक खाते पर 5 शिकायतें दर्ज।
बिल्सी बदांयू 12 जुलाई।
ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के हाथों बैंक खाता बेचने के चक्कर में बिल्सी का एक युवक अब 4 राज्यों में दर्ज साइबर फ्रॉड की शिकायतों में फंस गया है। आरोपी ने 1 लाख रुपये डलवाने के बदले 5000 रुपये देने का लालच देकर खाते का पासबुक और डिटेल ले ली थी। पुलिस ने खाताधारक और एक अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जनपदीय साइबर सेल की जांच में बैंक ऑफ बड़ौदा का खाता संख्या 47298100003668 संदिग्ध पाया गया। यह खाता बिल्सी के मोहल्ला 5 निवासी गौरव गौतम पुत्र कैलाश चन्द्र के नाम पर है। खाते के स्टेटमेंट में कुल क्रेडिट और डेबिट 37500-37500 रुपये मिले।
समन्वय पोर्टल की जांच में पता चला कि इसी खाते के खिलाफ NCRP पोर्टल पर 5 शिकायतें दर्ज हैं।
हापुड़ में 32500 रुपये, हैदराबाद में 2000 रुपये, नागपुर में 1000 रुपये, तमिलनाडु में 1000 रुपये और तेलंगाना में 1000 रुपये की ऑनलाइन ठगी की शिकायतें इस खाते से जुड़ी हैं।
पूछताछ में गौरव ने बताया कि वह नोएडा में ऑटो चलाता था। वहां उसकी मुलाकात रवि नाम के युवक से हुई थी। रवि ने खाते में 1 लाख रुपये डलवाने के बदले 5000 रुपये देने का लालच देकर उससे खाते की पासबुक ले ली थी। इसके बाद रवि कई बार उसके खाते में पैसे डलवाकर उसे हिस्सा देता था।
कोतवाली बिल्सी पुलिस ने गौरव गौतम और रवि पुत्र नामालूम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक पुष्पराज सिंह कर रहे हैं।
एसएचओ मनोज कुमार ने बताया कि साइबर सेल से मिली जानकारी के आधार पर मुकदमा दर्ज किया गया है। खाते का दुरुपयोग कर अन्य राज्यों में ठगी की गई है। आगे की जांच की जा रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

