1:34 am Wednesday , 29 July 2026
BREAKING NEWS

बिल्सी के फकीराबाद में बदहाल सड़क बनी मुसीबत

बिल्सी के फकीराबाद में बदहाल सड़क बनी मुसीबत
जलभराव से राहगीरों की बढ़ीं मुश्किलें
बिल्सी। तहसील क्षेत्र के गांव फकीराबाद में सतेती-बजीरगंज मार्ग की बदहाल स्थिति ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने और बरसात के दौरान उनमें पानी भर जाने से आवागमन जोखिम भरा हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही सड़क की मरम्मत और जल निकासी की व्यवस्था नहीं कराई गई तो कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है।
ग्रामीणों के अनुसार बजीरगंज से बिल्सी को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बरसात के कारण गांव फकीराबाद के निकट सड़क पर बने गहरे गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा नहीं लग पाता। ऐसे में आए दिन ई-रिक्शा और अन्य छोटे वाहन गड्ढों में फंस जाते हैं। कई बार वाहन पलटने की नौबत भी आ जाती है, जिससे चालक और सवारियों की जान पर खतरा बना रहता है।
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क किनारे नाले की व्यवस्था न होने से आसपास के घरों का पानी सड़क पर ही भर जाता है। लगातार जलभराव रहने के कारण सड़क और अधिक क्षतिग्रस्त हो गई है। गांव के लोगों का कहना है कि पिछले दो दिनों से लगातार हो रही बारिश के चलते घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो गया है। स्कूली बच्चों को भी इसी मार्ग से होकर गुजरना पड़ता है, जिससे उनके अभिभावकों में भी चिंता बनी हुई है।
ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है।
गांव के बैचेलाल, पुष्पेंद्र सिंह, राहुल कुमार, रवि साहू, अशोक कुमार, विषमजीत, बब्लू, नरेश, महेश, अंकुर, अमित, शिवम, ओमप्रकाश, अनेक पाल, हरिशंकर, विद्याराम, वीरेंद्र समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क के किनारे नाले का निर्माण कराने और क्षतिग्रस्त सड़क की शीघ्र मरम्मत कराए जाने की मांग की है, ताकि जलभराव की समस्या दूर हो सके और लोगों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
इधर बीडीओ अंबियापुर शैली गोविल ने बताया कि उक्त सड़क लोक निर्माण विभाग की है, संबंधित अधिकारी को अवगत कराकर समस्या का जल्द समाधान कराया जाएगा।

विज्ञापन एक्सप्रेस