बारिश के साथ बढ़ा खतरा: बिजली के 4 रूप जानलेवा, बच्चों की 2 दिन की छुट्टी का ऐलान।
बदायूं, 10 जुलाई।
मानसून की दस्तक के साथ ही आकाशीय बिजली का खतरा भी सिर पर मंडराने लगा है। मौसम विभाग की तेज बारिश और ठनके की चेतावनी के बाद जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लेते हुए जिले में कक्षा 1 से इंटरमीडिएट तक के सभी स्कूल-कॉलेज 2 दिन के लिए बंद कर दिए हैं।
हर साल देशभर में सैकड़ों लोग आकाशीय बिजली की चपेट में आकर जान गंवा देते हैं। आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक ठनका सिर्फ सीधे ही नहीं गिरता, बल्कि उसके 4 अलग-अलग रूप लोगों के लिए जानलेवा साबित हो सकते हैं।
डायरेक्ट स्ट्राइक-
इसमें बिजली सीधे इंसान या जानवर पर गिरती है। करंट लगते ही मौके पर मौत हो जाती है। खुले खेतों में काम कर रहे किसान सबसे ज्यादा इसके शिकार बनते हैं।
संपर्क चोट-
जब बिजली किसी धातु की वस्तु, तार, ट्यूबवेल, पेड़ या बिजली के खंभे से टकराती है और उस समय कोई व्यक्ति उसे छू रहा हो, तो पूरा करंट उसके शरीर में उतर जाता है।
साइड फ्लैश-
इस स्थिति में बिजली किसी ऊंची इमारत, पेड़ या टावर से टकराकर पास खड़े व्यक्ति पर छिटक जाती है। ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश के दौरान पेड़ के नीचे खड़े लोगों के साथ अक्सर ऐसी घटनाएं होती हैं।
जब बिजली जमीन पर गिरती है तो करंट जमीन के रास्ते 10 से 15 मीटर तक फैल जाता है। इस दायरे में आने वाला कोई भी व्यक्ति इसकी चपेट में आ सकता है।
आपदा विशेषज्ञ डॉ. आरके शर्मा का कहना है, “आकाशीय बिजली 3 करोड़ वोल्ट तक की हो सकती है। इसलिए बरसात में सबसे जरूरी है कि खुले स्थानों पर न निकलें। पक्का मकान ही सबसे सुरक्षित जगह है।”
क्या करें
– तेज बारिश और बिजली चमकने पर तुरंत पक्के मकान में जाएं
– खिड़की-दरवाजे बंद कर लें
– दोनों पैर मिलाकर जमीन पर बैठ जाएं, सिर झुका लें
क्या न करें
– पेड़, बिजली के खंभे और टावर के नीचे न खड़े हों
– छतरी, लोहे की रॉड, मोबाइल और हेडफोन का इस्तेमाल न करें
– नदी, तालाब और खुले मैदान में न जाएं
– धातु की वस्तुओं को न छुएं ।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए जिलाधिकारी के आदेश पर जिले में कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी और निजी स्कूल तथा कॉलेज अगले 2 दिन बंद रहेंगे। प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों को अनावश्यक घर से बाहर न भेजें और मौसम खराब होने पर पूरी सतर्कता बरतें।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

