मां का दूध ही बच्चों के संपूर्ण विकास में सहायक होता है
बिल्सी। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर बृहस्पतिवार को प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत गर्भवती महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में क्षेत्र की 35 से अधिक गर्भवती महिलाओं का चिकित्सकीय परीक्षण कर उन्हें सुरक्षित मातृत्व, पोषण और नवजात शिशु की देखभाल से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. जयश्री शर्मा ने कहा कि गर्भावस्था के दौरान संतुलित एवं पौष्टिक आहार का सेवन मां और गर्भ में पल रहे शिशु, दोनों के स्वास्थ्य के लिए बेहद आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को मानसिक तनाव से दूर रहने, नियमित स्वास्थ्य जांच कराने और चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार दवाओं का सेवन करने की सलाह दी। उन्होंने बताया कि जन्म के बाद शिशु के लिए मां का दूध अमृत के समान होता है। मां का दूध ही बच्चों के संपूर्ण शारीरिक एवं मानसिक विकास में सबसे अधिक सहायक होता है और इससे बच्चों की रोग प्रतिरोधक क्षमता भी मजबूत होती है।
शिविर के दौरान चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को संस्थागत प्रसव, समय-समय पर टीकाकरण, आयरन एवं कैल्शियम की गोलियों के नियमित सेवन तथा स्वच्छता के प्रति भी जागरूक किया। इस मौके पर डॉ. चारु वार्ष्णेय, शशिवाला, सुमन शर्मा, पंकज कुमार, हरिओम सक्सेना, दुर्गेश कुमार सहित स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ मौजूद रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

