बिल्सी। कई दिनों से पड़ी उमस भरी गर्मी के बाद बुधवार की दोपहर को रुक-रुक कर हुई झमाझम बारिश ने भीषण गर्मी से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत दी। पिछले कई दिनों से पड़ रही तेज धूप और उमस से लोग बेहाल थे, लेकिन बुधवार को हुई बारिश के बाद तापमान में करीब तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। इससे मौसम सुहावना हो गया और लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, बारिश नगर की व्यवस्थाओं की पोल भी खोल गई। वर्षा के बाद ही कई नगर के पालिका के मुख्य द्वार, बिजलीघर रोड, हनुमानगढ़ी कॉलौनी, सीताराम तिराहा, खैरी बस स्टैंड, मोहल्ला संख्या तीन और चार के निचले इलाकों में जलभराव हो गया, जिससे लोगों और राहगीरों को आवागमन में काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर नालियों का गंदा पानी और कीचड़ सड़कों पर फैल गया, जिससे फिसलन बढ़ने के साथ यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने की मांग करते हुए कहा कि हर वर्ष बारिश में ही ऐसी स्थिति बन जाती है, जिससे आमजन को भारी दिक्कतें उठानी पड़ती है। इधर इस बरसात ने मक्का किसानों की मुश्किलें काफी बढ़ा दी है। उनकी मक्का बगैर धूप के सूख नहीं पायेगी। वहीं धान के किसानों के चेहरे पर चमक नजर आ रही है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

