वन महोत्सव पर फ्यूचर लीडर्स स्कूल में पौधारोपण, विद्यार्थियों ने लिया संरक्षण का संकल्प
बिल्सी। वन महोत्सव के अवसर पर फ्यूचर लीडर्स स्कूल में मंगलवार को पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें विद्यार्थियों, शिक्षकों और विद्यालय स्टाफ ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। विद्यालय परिसर में छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाए गए। विद्यार्थियों ने पौधों की नियमित देखभाल करने का संकल्प भी लिया।
विद्यालय के डायरेक्टर वीपी सिंह ने कहा कि पौधारोपण केवल एक अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी है। यदि प्रत्येक विद्यार्थी वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे तो पर्यावरण संरक्षण की दिशा में बड़ा बदलाव संभव है। विद्यालय के एमडी ने कहा कि वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण सबसे बड़ी आवश्यकता बन गया है। वृक्ष हमें शुद्ध वायु, स्वच्छ वातावरण और जीवन प्रदान करते हैं। ऐसे कार्यक्रम बच्चों में प्रकृति के प्रति प्रेम और जिम्मेदारी की भावना विकसित करते हैं।
प्रधानाचार्य रविन्द्र सिंह ने कहा कि वृक्ष जीवन का आधार हैं। पौधे लगाना जितना आवश्यक है, उनकी देखभाल करना उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है। कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर अकेडमिक हेड सी.के. शर्मा, जूनियर कॉर्डिनेटर परमेंद्र सिंह, प्राइमरी कॉर्डिनेटर केशव शर्मा, प्री-प्राइमरी कॉर्डिनेटर अनामिका सिंह सहित विद्यालय के शिक्षक एवं समस्त स्टाफ मौजूद रहा।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

