एक माह से लापता बुजुर्ग मां की तलाश में भटक रहा बेटा, बिल्सी में खंगाले सीसीटीवी कैमरे
बिल्सी। जिले के गांव गोटिया निवासी बादाम सिंह पिछले एक महीने से अपनी बुजुर्ग मां की तलाश में दर-दर भटक रहे हैं। चार जून को घर से निकली उनकी मां का अब तक कोई सुराग नहीं लग सका है। मंगलवार को उन्होंने बिल्सी पहुंचकर कई स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और अधिकारियों से मदद की गुहार लगाई।
बादाम सिंह ने बताया कि उनकी मां चार जून को घर से निकली थीं, लेकिन इसके बाद वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में काफी तलाश की, मगर उनका कोई पता नहीं चल सका।
उन्होंने बताया कि पिछले एक महीने से वह बदायूं, उझानी, कछला, सहसवान और आसपास के अन्य क्षेत्रों में लगातार अपनी मां की तलाश कर रहे हैं। मंगलवार को उन्होंने बिल्सी के विभिन्न स्थानों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी देखी, लेकिन कोई महत्वपूर्ण सुराग हाथ नहीं लगा।
बादाम सिंह ने बताया कि उन्होंने इस संबंध में सिविल लाइन थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी है। इसके बावजूद अभी तक उनकी मां का कोई पता नहीं चल सका है। उन्होंने पुलिस और प्रशासन से मामले में तेजी लाकर उनकी मां को सकुशल खोजने की मांग की है। तलाश में जुटा परिवार गहरे चिंता और मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com

