5:33 pm Monday , 20 July 2026
BREAKING NEWS

बदायूं: कुत्ते काटने के एक महीने बाद 8 साल के मासूम की मौत, परिजनों में कोहराम।

बिल्सी बदांयू 6 जुलाई।

बिल्सी तहसील क्षेत्र के गांव उघेती में कुत्ते के काटने के करीब एक महीने बाद 8 वर्षीय बच्चे की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। बच्चे की मौत के बाद परिवार में मातम छा गया है। परिजनों ने वैक्सीन की सभी खुराकें लगवाने का दावा किया है।

गांव उघेती निवासी मोहम्मद नाजिम ने बताया कि उनका बेटा मोहम्मद ताजीम 3 जून 2026 को घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान एक कुत्ते ने उसे कई जगह काट लिया। 4 जून को परिजन उसे बिसौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां एंटी-रेबीज के टीके लगवाए गए। परिजनों का कहना है कि वैक्सीन की सभी डोज समय से पूरी करवाई गई थीं।

एक महीने बाद 3 जुलाई को ताजीम की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वह अपना गला पकड़कर जोर-जोर से चिल्लाने लगा और उसे हवा से डर लगने लगा। परिजन पहले उसे उघेती के स्थानीय अस्पताल ले गए, लेकिन वहां से मना कर दिया गया। इसके बाद बिसौली, चंदौसी और अलीगढ़ में इलाज कराया, लेकिन आराम नहीं मिला। डॉक्टरों ने उसे दिल्ली रेफर कर दिया।

5 जुलाई को जब परिजन ताजीम को दिल्ली अस्पताल लेकर पहुंचे तो उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

बिसौली सीएचसी प्रभारी डॉ. अरविंद वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। जांच के लिए मेडिकल टीम को गांव भेजा जाएगा। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही चल सकेगा।

घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने आवारा कुत्तों को पकड़वाने की मांग की है।

विज्ञापन एक्सप्रेस