


उझानी-बदांयू 6 जुलाई।
उझानी थाना क्षेत्र में रविवार देर शाम हुए सड़क हादसे में एक युवक की जान चली गई। मिट्टी का अवैध खन कर रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर-टॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार, यह घटना रविवार रात करीब 7 बजे उझानी-कादरचौक मार्ग पर फतेहपुर गांव के पास हुई। उसैहत थाना क्षेत्र के गांव मिर्जापुर बसंत निवासी 22 वर्षीय मुकेश पुत्र श्रीपाल अपनी बाइक से मौसी के घर गांव शेखपुर दीननगर, थाना बिल्सी जा रहा था। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रैक्टर-टॉली ने उसे टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रैक्टर-टॉली फतेहपुर गांव के एक व्यक्ति की है और वह अवैध रूप से मिट्टी का खनन करके जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मुकेश की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही उझानी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। कोतवाली प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि फरार चालक और ट्रैक्टर मालिक की तलाश की जा रही है। ट्रैक्टर-टॉली को भी पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। अवैध खन के बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
ग्रामीणों ने इस मार्ग पर तेज गति से चलने वाले ओवरलोड वाहनों और अवैध खन पर रोक लगाने की मांग की है।
—
badaunexpress.com badaunexpress.com | www.badaunexpress.com