1:50 pm Wednesday , 22 July 2026
BREAKING NEWS

15 दिन में दोगुने हुए टमाटर, प्याज, आलू: रसोई का बजट गड़बड़ाया।

उझानी-बदांयू 6 जुलाई।

रसोई की सबसे जरूरी तीन सब्जियों टमाटर, प्याज और आलू के दामों ने 15 दिन के अंदर आम आदमी की जेब पर सीधा वार किया है। तेज गर्मी और बारिश के चलते आवक कम होने से जिले में इनके रेट लगभग दोगुने हो गए हैं।

जून के पहले हफ्ते में जो टमाटर 25 रुपये किलो मिल रहा था, वो अब 50 से 60 रुपये प्रति किलो बिक रहा है। आलू 10 रुपये से बढ़कर 20 रुपये और प्याज 20 रुपये से 40 रुपये किलो तक पहुंच गया है। करेला भी 20 से 40 रुपये किलो हो गया है।

मंडी में सब्जी खरीदने आईं गृहिणी सीमा देवी ने कहा, “पहले 500 रुपये में हफ्ते भर की सब्जी आ जाती थी। अब उतने में 2-3 दिन का ही सामान पड़ रहा है। टमाटर-प्याज के बिना तो सब्जी का स्वाद ही नहीं आता।

एक अन्य उपभोक्ता गायत्री ने बताया कि लगातार महंगाई के कारण घर का मासिक खर्च 1500-2000 रुपये तक बढ़ गया है।

सब्जी विक्रेताओं के अनुसार समस्या दो वजहों से है।
मौसम की मार- तेज गर्मी और बीच-बीच में बारिश से लोकल सब्जियां जल्दी खराब हो रही हैं।
भाड़ा और थोक महंगा-बाहर की मंडियों से आने वाली सब्जियों के थोक दाम पहले से ज्यादा हैं। ट्रांसपोर्ट का किराया बढ़ने से खुदरा रेट भी ऊपर गए हैं।

सब्जी विक्रेता राहुल और भूरे ने बताया, माल आ ही नहीं रहा। जो आ रहा है उसकी क्वालिटी भी खराब है। ग्राहक भी अब 250 ग्राम-500 ग्राम करके मांग रहे हैं।

उझानी मंडी में आज के रेट-
टमाटर पहले 25 रुपये अब 50 – 60 रुपये।
प्याज पहले 20 रुपये अब 40 रुपये।
आलू पहले 10 रुपये अब 20 रुपये।
करेला पहले 20 रुपये अब 40 रुपये।
हरा धनिया पहले 50 रूपये अब 200 रूपये।
नोट: सभी दाम प्रति किलोग्राम

व्यापारियों का कहना है कि अगले 10-15 दिन तक अगर मौसम नहीं सुधरा तो दामों में और उछाल आ सकता है। इससे त्योहारों से पहले ही गृहिणियों की टेंशन बढ़ गई है।

राजेश वार्ष्णेय एमके।

विज्ञापन एक्सप्रेस
No posts found.